कलेक्टर रोहित सिसोनिया के निर्देश पर सड़क निर्माण एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना

रायसेन- राहतगढ़ सड़क निर्माण में सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी पर कलेक्टर ने दिखाई सख्ती
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
रायसेन । आमजन की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली परेशानियों को लेकर कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने रायसेन-राहतगढ़ सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा सड़क निर्माण एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
रायसेन-राहतगढ़ सड़क के उन्नयन कार्य के दौरान निर्माण स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। विशेष रूप से ग्राम गढ़ी रेंज के पास बनाए गए डायवर्सन की स्थिति ठीक नहीं होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। साथ ही यहां सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने निर्माण कार्य के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए। आम नागरिकों की समस्या पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री सिसोनिया के निर्देशों के पालन में एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक, संभाग भोपाल द्वारा 23 नवंबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से निर्माण एजेंसी मेसर्स कॉम्ट कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड एवं पीआरएल प्रोजेक्ट्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही निर्माण स्थल पर तत्काल उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक बोर्ड तथा अन्य आवश्यक यातायात सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।



