बेटे की लगन में लौटाई दहेज की रकम, डॉ. रामशंकर दीक्षित ने समाज को दिया बेटियों के सम्मान का संदेश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । आज के दौर में जहां विवाह जैसे पवित्र रिश्ते को कई बार दहेज और लेन-देन से जोड़कर देखा जाता है, वहीं ग्राम हरदी, तहसील ढीमरखेड़ा निवासी डॉ. रामशंकर दीक्षित ने अपने बेटे आदर्श के विवाह के लगन कार्यक्रम में एक ऐसी पहल की, जो केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए सोचने का विषय है।
लगन कार्यक्रम में लड़की पक्ष की ओर से दिए गए नगद रुपये डॉ. दीक्षित ने ससम्मान वापस कर दिए। इस दौरान उन्होंने दहेज प्रथा के विरोध में अपनी बात रखते हुए कहा कि “बेटी कोई ऐसी वस्तु नहीं, जिसके बदले रुपये लिए जाएं। बेटी परिवार की अमूल्य धरोहर और घर का सम्मान होती है। कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं होता। जब कोई पिता अपनी बेटी को विश्वास के साथ दूसरे परिवार को सौंपता है, तो उससे बड़ा उपहार और क्या हो सकता है?”
उनकी इस सोच में एक गहरा संदेश छिपा है। विवाह में लड़की पक्ष की ओर से दिया गया धन किसी परिवार की प्रतिष्ठा नहीं बढ़ाता, बल्कि बेटी को पूरे सम्मान और अपनत्व के साथ स्वीकार करना ही रिश्ते की असली गरिमा है।
डॉ. रामशंकर दीक्षित ने नगद राशि लौटाकर यह संदेश दिया कि रिश्ते पैसों से नहीं, संस्कारों और आपसी सम्मान से बनते हैं। उनकी यह पहल दहेज प्रथा के खिलाफ एक सार्थक कदम है और उन परिवारों के लिए प्रेरणा है, जो समाज में बदलाव की शुरुआत अपने घर से करना चाहते हैं।
किसी पिता के लिए इससे बड़ा सम्मान क्या होगा कि उसकी बेटी को किसी दहेज के कारण नहीं, बल्कि उसके अपने अस्तित्व और संस्कारों के लिए अपनाया जाए।



