स्टाफ और बच्चों से मारपीट के आरोप में शिक्षिका निलंबित

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला खमतरा में पदस्थ प्राथमिक शिक्षिका वीणा धुर्वे को स्टाफ और बच्चों के साथ मारपीट करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है । विकासखंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने और पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई की है ।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, बीईओ ढीमरखेड़ा ने 2 नवंबर 2026 को शिक्षिका के विरुद्ध जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था । शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शिक्षिका ने शाला में कार्यरत स्टाफ और बच्चों के साथ मारपीट की । इस संबंध में शिक्षिका को 8 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था । इसके बाद 28 अक्टूबर को स्मरण पत्र भी भेजा गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया ।
जांच प्रतिवेदन में आरोप सही पाए जाने पर डीईओ ने इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के उपनियम (1), (2) एवं (3) के विपरीत और गंभीर लापरवाही माना । इसके तहत मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) के अंतर्गत शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है । निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, ढीमरखेड़ा नियत किया गया है । इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी ।



