पीएम श्री कन्या विद्यालय में टीएलएम मेले का आयोजन, शिक्षण सामग्री के नवाचारों का किया अवलोकन

सिलवानी। नगर की शिक्षण संस्था पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलवानी में गुरुवार को टीचिंग लर्निंग मटेरियल (टीएलएम) मेले का आयोजन किया गया। मेले में शिक्षकों एवं छात्राओं द्वारा तैयार की गई विभिन्न विषयों पर आधारित शिक्षण अधिगम सामग्री की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) आशुतोष त्यागी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर शिक्षकों एवं छात्राओं द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार की टीएलएम सामग्री का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शित शिक्षण सामग्री की उपयोगिता, विषयवस्तु, नवाचार और शिक्षण प्रक्रिया में उसके प्रभावी उपयोग की जानकारी प्राप्त की।
अवलोकन के दौरान शिक्षकों ने बताया कि शिक्षण अधिगम सामग्री के माध्यम से जटिल विषयों को भी सरल, रोचक एवं सहज तरीके से समझाया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता बढ़ती है तथा सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावशाली और रुचिकर बनती है।
विद्यालय में शिक्षकों द्वारा स्वयं निर्मित एवं संकलित की गई शिक्षण अधिगम सामग्री की आकर्षक और सुव्यवस्थित प्रदर्शनी ने उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल, चार्ट एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान देने के प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर विकासखंड केंद्र स्रोत समन्वयक महजबीं सिद्दीकी भी उपस्थित रहीं। टीएलएम मेले का उद्देश्य शिक्षण कार्य में नवाचार को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बनाना रहा।



