फेसबुक पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली फोटो-वीडियो प्रसारित करने का आरोप
संगठन ने पुलिस को सौंपा आवेदन
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
बटियागढ़ । सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर धार्मिक देवी-देवताओं एवं परम पूज्य सद्गुरुदेव श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के संबंध में कथित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन की तहसील बटियागढ़ शाखा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को थाना बटियागढ़ पहुंचकर थाना प्रभारी के नाम आवेदन सौंपा और कार्रवाई की मांग की।
संगठन द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक पर ‘दद्दा जी शिष्य मंडल’ के नाम से संचालित आईडी के माध्यम से सनातन धर्म के पूजनीय देवी-देवताओं एवं सद्गुरुदेव श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के फोटो और वीडियो तैयार कर प्रसारित किए जा रहे हैं। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से धार्मिक आस्था और भावनाएं आहत हो रही हैं। साथ ही सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और आपसी वैमनस्य फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि संबंधित फेसबुक आईडी की निष्पक्ष जांच कर उसके संचालकों की पहचान की जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा सोशल मीडिया से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री हटवाने की भी मांग की गई है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र में शांति, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बना रहे।



