मध्य प्रदेश

कलेक्टर ने नर्मदा नदी जल समूह प्रदाय योजना के इंटेक वेल एवं अप्रोच ब्रिज निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

रायसेन । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित के अंतर्गत संचालित नर्मदा नदी जल समूह प्रदाय योजना के तहत निर्माणाधीन इंटेक वेल एवं अप्रोच ब्रिज का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता भी साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रोहित सिसोनिया को पीआईयू प्रबंधक यीशु मंडराई द्वारा नर्मदा नदी जल समूह प्रदाय योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन इंटेक वेल, अप्रोच ब्रिज की संरचना, कार्यप्रणाली एवं योजना की प्रगति के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने निर्देश दिए कि उदयपुरा जोन में मार्च 2027 के अंत से पूर्व पेयजल आपूर्ति प्रारंभ किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए फरवरी 2027 के अंतिम सप्ताह से ही परीक्षण एवं कमीशनिंग की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में पेयजल आपूर्ति प्रारंभ की जा सके।
कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने इंटेक वेल एवं अप्रोच ब्रिज के निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के अंतर्गत वन क्षेत्र से संबंधित घटकों, जैसे पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक एवं मास्टर बैलेंसिंग रिजर्वायर के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने तथा सभी संबंधित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम अंकित जैन, जल निगम के उपप्रबंधक आदित्य शर्मा, पर्यवेक्षण एवं गुणवत्ता नियंत्रण सलाहकार टीम के टीम लीडर मृत्युंजय तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिकारियों, एसक्यूसी टीम एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों द्वारा योजना के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी दी गई।

Related Articles

Back to top button