मध्य प्रदेश

एसबीआई में नकदी संकट, किसानों को भुगतान के लिए करना पड़ रहा इंतजार

मंडी में उपज बेचने के बाद भी चार से आठ दिन में मिल रही नकदी, खाद-बीज और डीजल की व्यवस्था प्रभावित
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। भारतीय स्टेट बैंक की बेगमगंज शाखा में नकदी की कमी से आम उपभोक्ता, किसान और व्यापारी परेशान हैं। मंडी में उपज बेचने के बाद किसानों को पहले जहां व्यापारियों से नगद भुगतान मिल जाता था, वहीं अब एनईएफटी या चेक के माध्यम से राशि दी जा रही है। इससे किसानों को नगद रकम निकालने के लिए बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
बैंक में पर्याप्त नकदी नहीं होने के कारण किसानों को भुगतान के लिए चार से आठ दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। बुवाई के सीजन में खाद, बीज, डीजल और अन्य कृषि जरूरतों के लिए तत्काल नगद राशि की आवश्यकता होती है, लेकिन समय पर पैसा नहीं मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
व्यापारियों का कहना है कि बैंक में नकदी की कमी के चलते मंडी में किसानों को नगद भुगतान करना संभव नहीं हो पा रहा है। पहले मंडी में लेनदेन के माध्यम से बैंक में पर्याप्त राशि उपलब्ध रहती थी, जिससे भुगतान आसानी से हो जाता था। अब एसबीआई से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सहित अन्य बैंकों को भी नकदी मिलने में परेशानी हो रही है।
बताया जा रहा है कि बेगमगंज शाखा में सिलवानी और विदिशा की एसबीआई शाखाओं से नकदी मंगाई जाती है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को जरूरत के अनुसार राशि नहीं मिल पा रही है। बैंक में छुट्टियां होने के कारण भुगतान में और देरी हो जाती है।
महुआखेड़ा कला के नरेंद्र लोधी, प्रदीप करोलिया, मुन्नालाल साहू, अंशुल, खेती से जुड़े माधव सिंह ठाकुर, माखेड़ा टप्पा के वीर सिंह जाट, परसोरा के रामबाबू व्यास सहित किसानों ने बताया कि नकदी के अभाव में उन्हें कई दिनों तक इंतजार करना पड़ा। किसानों का कहना है कि उपज बेचने के बाद भी हाथ में पैसा नहीं मिलने से खेती के जरूरी खर्चों की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है।
भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर तेजस्वी पटेल ने बताया कि हमारे पास कैश की समस्या एक-दो दिन से ही आई है, सोमवार तक संभवतः सभी को कैश मिलने लगेगा। वर्तमान मै किसान व्यापारी पैसा ज्यादा निकाल रहे हैं और जमा कम कर रहे हैं। जिसके चलते लिमिट घट बढ़ जाती है,लिमिट के अनुसार ही हम कैश रख पाते है।

Related Articles

Back to top button