सिलौंडी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नियमित रूप से नहीं बैठते, ग्रामीण हो रहे परेशान

जनपद पंचायत सदस्य माधुरी रवि अवस्थी ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी और शासकीय डॉक्टर की अनुपस्थिति को लेकर सिलौड़ी क्षेत्र में जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी संदर्भ में जनपद पंचायत सदस्य प्रतिनिधि और युवक कांग्रेस सिलौड़ी मंडल अध्यक्ष पंडित रवि अवस्थी ने शनिवार को अनुविभागीय अधिकारी ( राजस्व ) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलौड़ी में पदस्थ शासकीय चिकित्सक डॉ. विकास सिसोदिया को सप्ताह में कम से कम तीन दिवस नियमित रूप से सेवा देने के लिए निर्देशित किया जाए।
रवि अवस्थी ने बताया कि डॉ. सिसोदिया की औपचारिक नियुक्ति सिलौड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में की गई है, परंतु उनकी नियमित अनुपस्थिति के कारण स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की अनुपलब्धता की वजह से मरीजों को इलाज के लिए या तो कटनी या जबलपुर जाना पड़ता है या फिर झोला छाप डॉक्टर पर निर्भर रहना पड़ता है।
क्षेत्र में अनेक दबंग झोला छाप डॉक्टर है जिनके परिजन सत्ता धारी पार्टी के वरिष्ठ नेता है। गरीबों मरीजों को आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है।
ज्ञापन में रवि अवस्थी ने उल्लेख किया कि लंबे समय से सिलौड़ी स्वास्थ्य केंद्र सिर्फ नाम का बना हुआ है । इलाज के लिए आने वाले मरीजों को न तो समय पर डॉक्टर मिल पाते हैं, न ही दवाइयां या उपचार की अन्य जरूरी सुविधाएं । इस स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति इतनी दयनीय है कि ग्रामीण जन इसे केवल भवन कहकर पुकारने लगे हैं । उन्होंने कहा कि जब सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बात करती हैं, तो उसका असली मूल्यांकन तब होता है जब इन सेवाओं का सही संचालन हो ।
उन्होंने यह भी बताया कि डॉक्टर विकास सिसोदिया की अनुपस्थिति से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है । आए दिन आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को निजी वाहनों से जबलपुर ले जाना पड़ता है ।
रवि अवस्थी ने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र ही डॉ. सिसोदिया की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं करता है, तो युवक कांग्रेस जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने इस विषय को लेकर आगामी दिनों में जनप्रतिनिधियों से चर्चा करने तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने की बात भी कही।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलौड़ी में चिकित्सक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराएगा, ताकि आमजन को स्वास्थ्य सेवा का मूल अधिकार प्राप्त हो सके ।



