हिंदू सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सकल हिन्दू समाज की बैठक संपन्न

सिलवानी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सिलवानी नगर में आयोजित होने जा रहे भव्य हिंदू सम्मेलन को लेकर हिन्दू सम्मेलन कार्यालय में सकल हिन्दू समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में आयोजन समिति, संचालन समिति सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आयोजन समिति द्वारा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। समिति ने बताया कि 25 दिसंबर को कार्यक्रम स्थल के भूमिपूजन के साथ ही हिंदू सम्मेलन से जुड़े विभिन्न आयोजनों का शुभारंभ हो गया। इसके अंतर्गत वाहन रैली, भारत माता की आरती, समरसता भोज सहित अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस वर्ष अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। इसी क्रम में संघ के शताब्दी वर्ष को समर्पित सकल हिन्दू सम्मेलन को जन-जन तक पहुंचाने, राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने तथा सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने उद्देश्य से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया 11 जनवरी 2026 रविवार को आयोजित होने वाला यह हिंदू सम्मेलन भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय स्वरूप में संपन्न किया जाएगा, ताकि समाज में एकता और सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित हो सके।



