मध्य प्रदेश

हाईवे पर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बड़ा हादसा टला

ढलान पर ट्रैक्टर न्यूट्रल कर दौड़ाने का आरोप, राहगीरों की जान से खिलवाड़; जिम्मेदार विभाग कब करेंगे कार्रवाई?
ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज । तहसील में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लापरवाही अब हाईवे से गुजरने वाले लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है। सुल्तानगंज में स्टेट हाईवे पर तेज़ रफ्तार रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर रेत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि उस दौरान हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक सिलवानी की ओर से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सुल्तानगंज की तरफ आ रही थी। इसी दौरान बैरसला तिराहे के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर -ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में आस पास से गुजर रहे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मड़िया गुसाईं से सुल्तानगंज की ओर आने वाले स्टेट हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा घाट का ढलान है। इस मार्ग पर कुछ ट्रैक्टर चालक ढलान के दौरान ट्रैक्टर को न्यूट्रल कर देते हैं। ट्रॉली में रेत का भारी वजन होने के कारण वाहन तेज गति पकड़ लेता है, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ने और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि ऐसी लापरवाही किसी एक चालक की जान ही नहीं, बल्कि हाईवे से गुजरने वाले सैकड़ों लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकती है। आज गनीमत रही कि कोई दूसरा वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, लेकिन यदि यही लापरवाही जारी रही तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस, परिवहन विभाग और यातायात विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेंगे? क्या तेज रफ्तार और लापरवाही से चलने वाली रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्रवाई होगी, या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे के इंतजार में बैठे रहेंगे?
हाईवे पर लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। समय रहते कार्रवाई जरूरी है, ताकि किसी निर्दोष की जान खतरे में न पड़े।

Related Articles

Back to top button