शादी से लौट रहे परिवार की कार कंटेनर से टकराई, 1 व्यक्ति की मौत, 4 घायल
बाड़ी । शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे परिवार की कार कंटेनर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीती रात 2 बजे नर्मदापुरम के बांसवाड़ा से रायसेन जिले के बाड़ी में अपने रिश्तेदारों के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए एक परिवार की कार वापस लौटते समय बाड़ी थाना क्षेत्र के बकतरा रोड के पास ग्राम नारदखेड़ा के बीच कंटेनर से टकरा गई। हादसे में कार में सवार जयराम साहू उम्र 50 वर्ष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बाड़ी पुलिस द्वारा 108 के पायलट पवन यादव, डॉ. सुरेंद्र कुमार ने की मदद से घायलों को स्वास्थ्य केन्द्र बाड़ी में भर्ती कराया यहां से प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल के एम्स अस्पताल में रेफर कर दिया है।



