श्रद्धा और आस्था के साथ नगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा, पूर्व विधायक रामपाल सिंह राजपूत ने की सहभागिता

सिलवानी। पितृपक्ष के पावन अवसर पर नगर में धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन दो स्थलों पर किया गया। नगर के बजरंग चौराहा स्थित श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर मंगल भवन तथा स्टेट बैंक के पास अंबेडकर भवन में चल रही इस आध्यात्मिक कथा में नगरवासियों की भारी उपस्थिति देखी गई।
श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर में पं. भूपेंद्र शास्त्री ‘खेड़ापति’ द्वारा भावपूर्ण कथा वाचन किया जा रहा है, वहीं अंबेडकर भवन में पं. बलराम दीक्षित द्वारा भक्तिभाव से श्रीमद्भागवत कथा श्रवण कराई जा रही है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामपाल सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, तथा नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विभोर नायक, विजय शुक्ला, प्रदीप कुशवाहा, मन्नू राजपूत ने सहभागिता करते हुए दोनों ही कथा स्थलों पर पहुँचकर व्यासपीठ का पूजन किया एवं कथा व्यासों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
गणमान्य अतिथियों द्वारा पं. भूपेंद्र शास्त्री एवं पं. बलराम दीक्षित का शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित जनसमूह ने भी इस आयोजन को भावविभोर होकर अनुभव किया।
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि कथा का उद्देश्य पितृपक्ष के अवसर पर नगर में धार्मिक चेतना का प्रसार करते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्रदान करना है।



