राम प्रभु ने किया बेरखेड़ी में विकास कार्यों का शुभारंभ

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । ग्राम बेरखेड़ी में पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपालसिंह और सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने अनेक विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत सिंह बबलू मीणा की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आंगनबाड़ी परिसर में पौधारोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक है।
डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए बताया कि बेरखेड़ी गांव के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि स्कूल बिल्डिंग, उप स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, सीसी रोड और नाली जैसे करोड़ों रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं। ये सभी विकास कार्य गांव के निवासियों के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से कराए जा रहे हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। उन्होंने बताया कि बिजली, सड़क, पानी और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ- साथ किसान कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की विशेष सराहना की और सभी से इसमें भाग लेने का आग्रह किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने डॉ. प्रभुराम चौधरी और रामपाल सिंह की सराहना की और कहा कि ये दोनों नेता हमेशा इस क्षेत्र की चिंता करते हैं और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने बताया कि इनके प्रयासों से गांव में विकास की गंगा बह रही है और क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित गांव की सरपंच सीमा चौधरी ने मंचासीन अतिथियों का शाल, श्रीफल और फूल मालाओं से स्वागत किया और सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सोनी ने किया। इस दौरान एसडीएम सौरभ मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, जनपद अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, जगदीश लोधी, डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर, सुदर्शन घोषी, अजय जैन अज्जू, संतोष राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गांव के लोग उपस्थित रहे।



