अभाविप सिलवानी ने शासकीय महाविद्यालय सिलवानी में पक्षियों के लिए टाँगे सकोरा

सिलवानी । भीषण गर्मी के बढ़ते प्रभाव के बीच बेजुबान पक्षियों को जल संकट से बचाने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई सिलवानी ने विकासार्थ विद्यार्थी के माध्यम से शासकीय महाविद्यालय सिलवानी में सकोरा अभियान एवं एसएफडी के माध्यम से विद्यार्थीओ को पेय जल के लिए जल मंदिर का निर्माण किया गया।
यह पहल 15 दिवसीय प्रांत व्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत पूरे प्रदेश में जीव दया का संदेश दिया जा रहा है। महाविद्यालय परिसर में छात्र छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर छायादार वृक्षों पर मिट्टी के सकोरे बाँधे और उनमें नियमित जल भरने का संकल्प लिया।
सिलवानी भाग संयोजक जय यादव ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने सिलवानी नगर के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस भीषण तपिश में पक्षियों का सहारा बनें। विद्यार्थियों का कहना है कि सूखते जलस्रोतों के कारण पक्षियों का जीवन संकट में है, इसलिए नगरवासी अपने घरों की छतों, बालकनी और आँगन में कम से कम एक सकोरा अवश्य रखें। उन्होंने जोर दिया कि यदि हर परिवार एक सकोरा रखने की जिम्मेदारी उठाए, तो नगर में जीव- सेवा की अनुपम मिसाल पेश की जा सकती है।
एबीवीपी सिलवानी ने नागरिकों से सकोरों की स्वच्छता बनाए रखने का भी आग्रह किया ताकि पक्षियों को शुद्ध पेयजल मिल सके। युवाओं का यह प्रयास न केवल पक्षियों की रक्षा करेगा, बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं को भी जगाएगा। महाविद्यालय की इस पहल की नगर में व्यापक सराहना हो रही है।जिसमे समस्त महाविद्यालय स्टाप छात्र एवं छात्राए और परिषद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



