मध्य प्रदेश

सरस्वती शिशु मंदिर प्रतापगढ़ में व्यसनमुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सिलवानी। ग्राम प्रतापगढ़ स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में मंगलवार को विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद के तत्वावधान में व्यसनमुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विद्यालय के पूर्व छात्र एवं वन रक्षक प्रतापगढ़ रितिक पटेल तथा सामाजिक कार्यकर्ता घनश्याम राठौर उपस्थित रहे। अतिथियों ने भैया-बहिनों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधकारमय बना रहा है। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही व्यक्ति समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से तंबाकू, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट सहित अन्य सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा के माध्यम से बच्चों को नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रखा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी व्यसनमुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की बात कही। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य परिवार एवं समस्त भैया-बहिनों ने व्यसनमुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button