डीईओ निर्मला नंदन तिवारी ने सांदीपनी विद्यालय का किया निरीक्षण

सिलवानी। जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला नंदन तिवारी ने सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलवानी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएसओ राजेश यादव, एडीपीसी सुनील शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी रूपेंद्र ठाकुर, विद्यालय के प्राचार्य एन.पी. शिल्पी सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
डीईओ तिवारी ने प्राचार्य एवं शिक्षकों से कक्षावार विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति तथा गत वर्ष के परीक्षा परिणाम सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया और अध्यापन कार्य के संबंध में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर डीईओ तिवारी ने मोगली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं कक्षा छठवीं के छात्र कृष्णा ठाकुर, शासकीय माध्यमिक शाला सिलवानी, को विकासखंड स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए डीईओ निर्मला नंदन तिवारी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं कि आगे बैठने वाला विद्यार्थी ही अपने लक्ष्य को प्राप्त करे। पीछे बैठने वाला विद्यार्थी भी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर जीवन में बहुत आगे बढ़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करते हुए अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।



