शराब दुकान की आड़ में चल रहा अवैध अहाता
उमरियापान शराब दुकान का मामला, तय दाम से अधिक में बिक रही शराब
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापापान । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नई शराब नीति के तहत अहाता को प्रतिबंधित किया गया है इसके बाद भी शराब दुकान ठेकेदारों के द्वारा तमाम नियमों को ताक पर रखकर शराब दुकान की आड़ में दुकान के अंदर ही अवैध अहाता का संचालन किया जा रहा है । तय दर से अधिक में शराब का विक्रय भी किया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि उमरियापान स्थित शराब दुकान में ठेकेदार द्वारा शराब दुकान के अंदर ही पानी के पाउज, नमकीन, डिस्पोजल, चना आदि चीजों का विक्रय एक लड़के के माध्यम से करवाया जा रहा है। बताया जाता है कि जिस लड़के के द्वारा दुकान के अंदर उक्त सामग्री का विक्रय किया जा रहा है वह शराब दुकान के कर्मचारियों का खाना बनाता है इसी के माध्यम से ठेकेदार द्वारा उक्त कार्य करवाया जाता है। यहां पर यह उल्लेखनीय है कि नई शराब नीति 2023 के तहत अहाता की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है इसके बाद भी शराब दुकान के ठेकेदारों द्वारा अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से इस तरह के कामों को अंजाम दिया जा रहा है जिसमें विभागीय अधिकारियों की भी मौन सहमति बताई जा रही है। सब कुछ देखते एवं जानते हुये भी आबकारी
अधिकारी मौन साधे बैठे है। आखिर विभाग के अधिकारियों के ऐसी क्या मजबूरी है जो उन्हें अवैध रुप से संचालित अहाता, चखना सेंटरों पर कार्यवाही करने से रोक रही है।
आबकारी एक्ट में नहीं है प्रावधान
यहां पर यह स्मरण रहे कि नई शराब नीति लागू होने के कारण सभी अहातों को बंद करने के निर्देश जारी किये गये थे। अहाता बंद होने के बाद ठेकेदारों द्वारा नये तरीकों से अवैध अहातों का संचालन कर पूर्व में संचालित अहाता का तोड़ निकाल लिया गया है।



