धार्मिक

धूमधाम से मनाया अंजनीपुत्र का प्रकट्योत्सव

रिपोर्टर सतीश चौरसिया
उमरियापान
भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त अंजनीपुत्र हनुमान का प्रकट्योत्सव उमरियापान में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर उमरियापान स्थित प्राचीन बावली हनुमान मंदिर में वैदिक विधि विधान से रूद्राभिषेक पूजन, अभिषेक एवं महाआरती की गई। प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में पंडित बिहारीलाल तिवारी सहित श्रृद्धालुओं की उपस्थिती रही। झंडा चौक समीप हनुमान मंदिर में अखंड मानस पाठ, हवन पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। साथ ही शाम को मंदिर से ग्राम में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बडीमाई मंदिर परिसर हनुमान मंदिर में विशेष पूजन अर्चन किया गया। ब्यौहार मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर में अखंड मानस पाठ, महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। भरभरा आश्रम में संत बनवारीदास महाराज के सानिध्य में यहां स्थापित श्रीहनुमत भजनानंद स्वामी का विशेष पूजन एवं आरती की गई। हरदी कुटी आश्रम में संत कौशिल्यादास महाराज के सानिध्य में पवनपुत्र हनुमान की विशेष पूजा एवं आरती की गई। धर्मशाला हनुमान मंदिर में भी विविध कार्यक्रम हुए। केसरीनंदन का प्रकट्योत्सव समीपी ग्राम पचपेढी, घुघरी, घुघरा, मंगेली, सहलावन पिपरिया, बम्हनी, महनेर, पिपरियाशुक्ल में भी धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में भजन कीर्तन सहित अन्य धार्मिक आयोजन हुए।

Related Articles

Back to top button