पर्यावरणमध्य प्रदेश

भीषण गर्मी में प्यासा बारहसिंघा सूखे कुएं में गिरा, वन विभाग ने बचाई जान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया

उमरियापान । ढीमरखेड़ा क्षेत्र में पानी की तलाश में भटकता हुआ एक बारहसिंघा रिहायशी इलाके में पहुँच गया और हादसे का शिकार हो गया।जानकारी के मुताबिक आज सुबह ढीमरखेड़ा के अतरसूंमा गाँव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने गाँव के एक पुराने और सूखे कुएं के भीतर हलचल महसूस की । पास जाकर देखने पर पता चला कि एक विशालकाय बारहसिंघा कुएं की गहराई में फंसा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि वह प्यास से व्याकुल होकर पानी की तलाश में जंगल से भटककर बस्ती की ओर आया था और अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गया।ग्रामीणों की सूचना पर वन विकास निगम कुंडम परियोजना की टीम तुरंत हरकत में आई । रेंजर मनीष रोर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू किया।रेस्क्यू टीम के सदस्य निशांत चौहान, आलोक लोधी, बलराम टिकरिया और सुखदेव कुमार ने कुएं में जाल डालकर बारहसिंघा को सुरक्षित तरीके से फंसाया और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला।राहत की बात यह रही कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद बारहसिंघा को कोई गंभीर चोट नहीं आई । वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही उसका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर उसे वापस उसके प्राकृतिक आवास (जंगल) में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।

Related Articles

Back to top button