क्राइम

सहायक विद्युत अधिकारी एक्शन मूड में, लाइन हेल्पर को बिजली की चोरी कराते हुए पकड़ा, किया बर्खास्त

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । बागड़ ही खेत को खा रही वाली कहावत को चरितार्थ किया बिजली कंपनी के लाइन हेल्पर ने जो उपभोक्ताओं से पैसे लेकर अवैध कनेक्शन करके मीटर लगाकर पैसे वसूल कर रहा था जिससे बिजली चोरी हो रही थी। लेकिन वह सहायक विद्युत अधिकारी मनीष अहिरवार की नजरों से नहीं बच सका। निरीक्षण के दौरान शक होने पर उन्होंने उपभोक्ताओं से जब बिल मांगे तो उनके पास बिजली बिल उपलब्ध नहीं थे। कड़ाई से पूछताछ करने पर उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली कंपनी का लाइन हेल्पर रवि लोधी को पैसे देकर यह मीटर लगवाए हैं और बिजली जला रहे हैं जबकि उनके कनेक्शन की कोई भी एंट्री बिजली घर में नहीं थी। ऐसे करीब 15 उपभोक्ताओं के पास कनेक्शन करवाने की रसीद भी मौजूद नहीं थी। जिस पर सहायक विद्युत अधिकारी मनीष अहिरवार ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के उपरांत संबंधित कर्मचारी रवि लोधी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर करते हुए सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
आपको बता दें कि जब से मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी में सहायक अधिकारी के रूप में मनीष अहिरवार पदस्थ हुए तो उन्होंने देखा कि बिजली की खपत ज्यादा हो रही है जबकि अर्निंग काम है तब उन्होंने एक्शन लेना शुरू किया और बिजली चोरी के कई मामले पकड़े जिससे बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप बचा हुआ है।
8 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में बिजली चोरी के मामलों में एक मुश्त राशि जमा करने पर 30 प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान भी रखा गया है।
सहायक विद्युत अधिकारी मनीष अहिरवार ने शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं से आवाहन किया है कि विधिवत कंपनी में आवेदन देकर कनेक्शन करवाए और पक्की रसीद प्राप्त करें और भी यदि कोई शिकायत या समस्या है तो सीधे आकर सहायक विद्युत अधिकारी से संपर्क करें साथ ही उन्होंने यह भी आवाहन किया है कि लाइन हेल्पर रवि लोधी के माध्यम से या अन्य किसी कर्मचारी के माध्यम से अन्य किसी ने ऐसे अवैध कनेक्शन कराए हैं जिनकी उनके पास रसीद नहीं है और बिल भी नहीं है वह तत्काल कार्यालय में आकर जानकारी दें और अपने कनेक्शन वैध करवा लें अन्यथा पकड़े जाने पर बिजली चोरी का प्रकरण भी बनेगा और अवैध बिजली चोरी करने की राशि भी वसूल की जाएगी। फिलहाल पुलिस रवि लोधी की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button