2 करोड़ का फर्नीचर खरीदी मामला, मास्टर माइंड शिवम श्रीवास्तव निलंबित
खबर का असर
सिलवानी। सिलवानी विकासखंड में विद्यालयों के लिए बिना मांग के करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से कॉन्फ्रेंस हॉल फर्नीचर उपलब्ध कराए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में की गई प्राथमिक जांच में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं।
जांच में पाया गया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सिलवानी में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 शिवम श्रीवास्तव ने प्राचार्यों को कार्यालय बुलाकर अपने स्तर पर कार्य आदेश तैयार कराए। बताया गया है कि इस पूरी प्रक्रिया में सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृति नहीं ली गई और निर्धारित नियमों का पालन भी नहीं किया गया।
बिना अनुमति सामग्री क्रय और वितरण की प्रक्रिया को अनाधिकृत माना गया है। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी सहायक ग्रेड-3 शिवम श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, विस्तृत जांच की कार्रवाई प्रचलन में है।
कार्यालय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण भोपाल संभाग भोपाल के आदेश कमांक/शिका. जांच /26/2026/928, भोपाल, दिनांक 1/4/2026 में उल्लेख किया गया है कि जिला शिक्षा अधिकारी, रायसेन के पत्र कमांक/शिका./अनु. कार्य/2026/1882 दिनांक 31.1. 2026 द्वारा शिवम श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड-3, विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी, सिलवानी, जिला रायसेन के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की गई है।
अतः शिवम श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड-3 पदस्थ विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी, सिलवानी, जिला रायसेन को कय संबंधी प्रकिया में अनियमितता बरतने के कारण म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) 1966 के नियम 09 के अन्तर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलम्बन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, रायसेन रहेगा तथा नियमानुसार म.प्र. मूलभूत नियम 53 (अ) के अनुसार निलम्बन भत्ते की पात्रता होगी।

पूर्व में प्रकाशित खबर पढ़ने के लिए क्लिक कीजिए
स्कूल शिक्षा विभाग का एक और कारनामा, फर्नीचर खरीदी में दो करोड़ का घोटाला उजागर
स्कूल शिक्षा विभाग का एक और कारनामा, फर्नीचर खरीदी में दो करोड़ का घोटाला उजागर



