हिन्दू युवती के अपहरण के आरोप में सिहोरा बन्द का ऐलान
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर । मुस्लिम युवक के द्वारा हिन्दू युवती को बहला फुसला कर गायब करने आरोप और विगत 1 अक्टूबर से युवती का परिजनों से कोई संपर्क नही होने के बाद सिहोरा थाने में लव जिहाद के मामले में सोमवार की शाम को काफी गहमागहमी माहौल बना रहा, वहीं हिन्दू संगठनों ने मंगलवार को सिहोरा खितौला को बंद रखने का ऐलान कर दिया है, साथ ही युवती को साथ ले गया युवक, उसके माता पिता के समक्ष पेश करे इसी बात पर हिन्दू संगठन अपनी जिद पर अड़े हुए हैं।
इंदौर की युवती और सिहोरा का युवक भोपाल में एक कंपनी में नौकरी करते थे। दोनों ने विवाह के लिए जबलपुर कलेक्ट्रेट में विवाह अधिकारी के पास आवेदन दिया। कलेक्ट्रेट से युवती के घर नोटिस पहुंचा, तो हंगामा मच गया। युवती के स्वजन ने पहले तो इंदौर के राऊ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। जिसके बाद इंदौर पुलिस शनिवार को जबलपुर और फिर सिहोरा थाने पहुंची। जहां युवक के घर की जांच की। जहां लड़के के स्वजन से भी चर्चा की गई है। बताया जा रहा है कि इंदौर से लड़की के परिजन और माता- पिता भी सिहोरा पहुंचे हैं। सूत्रों के अनुसार लड़के के स्वजन ने अपने लड़के और लड़की को रविवार दोपहर एक बजे माता-पिता से मिलवाने की बात कही थी लेकिन नही मिलवाया गया।



