मध्य प्रदेश

हॉकर्स जोन : सड़क किनारे लग रहे 300 से अधिक सब्जी के ठेले, नतीजा : ट्रैफिक जाम

नपाध्यक्ष सविता जमना सेन बोले जल्द ही फुटकर सब्जी विक्रेताओं को कराएंगे शिफ्ट
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। रायसेन शहर में लगने वाले सब्जी के हाथ ठेलों को शिफ्ट करने के लिए चार साल पहले नये दशहरा मैदान के पास व्यवस्थित सब्जी मंडी (हॉकर्स जोन) का निर्माण लगभग 50 लाख रुपए की लागत से किया गया था। तत्कालीन कलेक्टर उमाशंकर भार्गव के निर्देश पर यहां बनाए गए पक्के चबूतरों पर टीनशेड लगाकर दुकानें बना दी गई थीं। इससे सब्जी विक्रेताओं को किसी तरह की असुविधा न हो और शहर की सड़कों से सब्जी के हाथ ठेलों को यहां शिफ्ट किया जा सके। लेकिन राजनीतिक और प्रशासनिक इच्छा शक्ति की कमी के कारण नई सब्जी मंडी के निर्माण के बाद भी 300 से अधिक सब्जी के ठेले शहर की सड़कों पर खड़े रहते हैं।
इससे शहर के ट्रैफिक में परेशानी आ रही है। इसके बाद भी दुकानों की बिक्री और सब्जी के ठेलों की शिफ्टिंग का काम नहीं हो पाया है। नई सब्जी मंडी में बने टीनशेड युक्त 120 दुकानों की नीलामी के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा 8 बार निविदाएं जारी करने पर सिर्फ 33 दुकानों की ही नीलामी हो पाई है। अब नगर पालिका परिषद फिर से शेष बची 87 दुकानों की नीलामी के लिए ई -टेंडर जारी करने जा रही है। बीते दिनों नपा ने 40 दुकानें अवैध कब्जे काे लेकर सील भी की थीं।
नीलाम दुकानें भी नहीं हुईं हैंडओवर…..
सब्जी मंडी में जो 33 दुकानें नीलाम हुई हैं। वे भी अभी खरीदारों के हैंडओवर नहीं हुई हैं। इसके लिए शासन से अनुमोदन लेना होता है।, जो कि नगर पालिका परिषद को नहीं मिल पाया। इसके लिए तीन बार नगरपालिका परिषद द्वारा शासन को अनुमोदन के लिए लिखा जा चुका है। लेकिन वहां से अनुमोदन नहीं हो पाया। अब परिषद में पास प्रस्ताव के आधार पर ही खरीदारों को दुकानें हैंडओवर करने की तैयार चल रही है। नीलामी के लिए दुकानों की न्यूनतम कीमत 1 लाख 10 हजार रुपए तय की गई है। दुकानों की जितनी नीलामी बोली लगेगी, उसी के आधार पर किराया तय किया जाए।
महामाया चौक पर सब्जी के ठेले खड़े करने के निर्देश बेअसर….
शहर के इंडियन चौराहे से लेकर महामाया चौक के मुख्य मार्ग तक सभी सब्जी विक्रेताओं को प्रशासन ने महामाया चौक पर अस्थाई तौर पर शिफ्ट करा दिया था। इससे ट्रैफिक के लिए सड़क पर पूरा स्थान मिल सके और लाेगाें काे परेशानी न हाे।लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिर महामाया चौक से हटकर हाथ ठेले सड़कों पर खड़े किए जाने लगे।
सब्जी के ठेलों की शिफ्टिंग न होने से यहां परेशानी…..
भारत माता चौराहे सांची रोड़ से लेकर महामाया चौक : शहर में सबसे अधिक सब्जी के हाथ ठेले भारत माता चौराहे से लेकर जिला ब उद्योग विभाग, महामाया चौक तक की सड़कों पर खड़े किए जाते हैं। सड़क के दोनों और सब्जी फलों के हाथ ठेले खड़े होने से ट्रैफिक के लिए कम जगह बच पाती है।रही सही कसर चाट पकौड़े और खोमचे वाले ठेले पूरी कर देते हैं।
गंज बाजार में दोपहिया वाहन चलाना भी मुश्किल ….
शहर के गंज बाजार के दोनों छोरों से लेकर बीच में भी जगह-जगह सब्जी बेचने के लिए हाथ ठेले खड़े कर लिए जाते हैं। इसके चलते वहां से चार पहिया वाहन तो दूर ,दोपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
सागर और भोपाल रोड परआए दिन ट्रैफिक जाम….
शहर के सागर और भोपाल रोड पर भी बड़ी संख्या में सब्जी फलों के हाथ ठेले खड़े कर सब्जी बाजार लगा लिया गया है। यातायात के लिहाज से इन दोनों ही मार्गों से बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। इसके चलते यहां भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है ।
इस संबन्ध में एलके खरे, एसडीएम, रायसेन का कहना है कि पहले महामाया चौक पर सब्जी के हाथ ठेले शिफ्ट करा दिए गए थे। फिर से शहर की सड़कों पर सब्जी के हाथ ठेलों काे लगाने से परेशानी आने लगी है। अब नई सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं को शिफ्ट कराएंगे । इसके लिए पहले उनके साथ बैठक करेंगे। उचित दिशा निर्देश भी देंगे।

Related Articles

Back to top button