ट्रक ने मारी कार को टक्कर, पति-पत्नी सहित दो बेटियों की मौत, एक गंभीर
दुर्गा अष्टमी पूजन के लिए जा रहा था परिवार
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
सागर । सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र के बेरखेड़ी के पास रविवार की सुबह सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। कार में सवार एक व्यक्ति गंभीर है, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार सवार परिवार हरदा से कानपुर नवरात्रि में अष्टमी पूजा के लिए जा रहा था, तभी बेरखेड़ी के पास सुबह 11 बजे सामने से आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। उसे पुलिस ने आगे जाकर पकड़ लिया।
सुरखी थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि हरदा से कानपुर जा रहे शुक्ला परिवार की कार को राहतगढ़ चौकी बेरखेड़ी गांव के पास सामने से आ रहे आइसर ट्रक ने टक्कर मार दी। इस टक्कर से कार में सवार मोहित शुक्ला, दक्षा उर्फ श्रद्धा शुक्ला और लावण्या शुक्ला व मान्या शुक्ला की मौत हो गई। मोहित व दक्षा पति-पत्नी थे। वहीं लावण्या 11 वर्ष व मान्या 6 वर्ष उनकी बेटियां थीं। कार को पंकज शुक्ला चल रहे थे। पंकज की स्थिति नाजुक है। उन्हें गंभीर हालत में सागर मकरोनिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह परिवार अष्टमी पूजा के लिए कानपुर जा रहा था।



