क्राइम

बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर में लगाई आग


चालक व एक अन्य के साथ जमकर की मारपीट
चालक हुआ बेहोश पुलिस ने कराया अस्पताल में भर्ती

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज में ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार भिड़ंत में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया वहीं मृतक के गांव वालों को जानकारी लगने पर उन्होंने करीब 2 किलोमीटर आगे ट्रैक्टर को पकड़कर उसमें आग लगा दी और चालक के साथ जमकर मारपीट की जिससे वह बेहोश हो गया, चालक के गांव का एक व्यक्ति जब वहां पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई पुलिस ने बेहोश ट्रैक्टर चालक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
आपको बता दें कि निकटवर्ती ग्राम बर्री निवासी रंजीत लोधी पुत्र शिवप्रसाद लोधी शहर में लैब संचालित करते हैं वह रात करीब साढ़े दस बजे लैब बंद करके बाइक से अपने गृह ग्राम बर्री जा रहे थे जैसे ही वह चकला नाले से आगे माला फ्यूल के करीब पहुंचे तो कृषि उपज मंडी से अपनी फसल बेचकर वापस ट्रैक्टर ट्राली लेकर ग्राम हरदौट जा रहे किसान के ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई जिसमें रंजीत बुरी तरह घायल हो गया जबकि ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया जानकारी लगते ही लोगों और पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने रंजीत लोधी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी ग्राम बर्री पहुंचने पर कोलू घाट मंदिर के पास महाराजा ढाबे के सामने ट्रैक्टर चालक कैलाश रैकवार को पकड़कर कुछ लोगों ने जमकर पिटाई कर दी और ट्रैक्टर में आग लगा दी। इसी बीच ग्राम हरदौट निवासी इरशाद मंसूरी घटना स्थल पर पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। पुलिस व डायल हंड्रेड ने पहुंचकर लोगों को वहां से अलग किया और घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया तथा नगर पालिका की दमकल को बुलवा लिया दमकल चालक शमसुद्दीन खां ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रैक्टर की आग को बुझाया।
पुलिस ट्रैक्टर और बाइक को जप्त कर थाने ले आई है ट्राली में कुछ बोरी धान की भी रखी हुई थी जो शायद किसान की बिक नहीं पाई थी।
सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है मृतक अविवाहित होने के साथ-साथ मिलनसार भी था जिसके कारण सभी लोग शोक मगन हैं।

Related Articles

Back to top button