मध्य प्रदेश

गांव में पागल सियार ने घर में घुसकर दो महिलाओं समेत चार किया घायल

रेंज तेजगढ़ गांव कौरता मामला परिजनों जबेरा अस्पताल में इलाज जारी
ब्यूरो चीफ: भगवतसिंह लोधी
जबेरा । दमोह जिले के अंतर्गत आने वाले तेजगढ़ रेंज वन परिक्षेत्र कौरता गांव में रविवार सुबह पागल सियार ने चार लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। पागल सियार ने जिन चार लोगों पर हमला किया है, उनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सियार ने पहले 70 वर्षीय हरिबाई पर हमला किया फिर रतनसिंह आदिवासी के हाथ-पैर व मुंह पर हमला कर करके उसे घायल कर दिया। इसके बाद सियार ने 16 वर्षीय अभिषेक पिता राजकुमार राय एवं 42 वर्षीय अभिलाषा पति राजबहादुर राय निवासी कौरता को पैर में काटकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है गांव के सरपंच सुरेंद्र सिंह की दादी हरिबाई घर में बैठी थी और अभिषेक राय घर में बैठकर टीवी देख रहा था, उसी वक्त अचानक से पागल सियार ने घर में घुसकर हमला कर घायल कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घायलों को परिजन जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां पर उनका उपचार चल रहा है।
पागल सियार के हमले से जख्मी लोगों की जानकारी लगते ही डिप्टी रेंजर चंद्र नारायण चौबे अस्पताल पहुंचे और घायलों के हालचाल पूछकर वन्यजीव क्षतिपूर्ति पर मिलने वाली आर्थिक मदद दिलवाने की बात कही।
घायलों के परिजन प्रवीण राय ने बताया कि एक सियार गांव के आसपास काफी दिनों से घूम रहा था मगर वह पागल है इस बात की जानकारी किसी को नहीं थी। आमतौर पर सियार गांव की तरफ नहीं आता और न ही नुकसान पहुंचाता है लेकिन यह सियार पागल लगता है तभी उसने गांव की महिलाओं एवं पुरुष पर हमला किया। इसकी शिकायत तेजगढ़ रेंज डिप्टी रेंजर से की गई है, वहीं जंगली जानवर के इस हमले ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है।

Related Articles

Back to top button