दमोह में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 80 हजार की रिश्वत लेते तीन आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान के तहत लोकायुक्त सागर की टीम ने सोमवार को दमोह में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
क्या है मामला
आवेदक नवेन्द्र कुमार आठया (36), जो कि प्राथमिक शिक्षक (विज्ञान) हैं और वर्तमान में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटेरा, जिला दमोह में पदस्थ हैं, ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि निलंबन अवधि से बहाली और विभागीय जांच समाप्त कराने के एवज में उनसे 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
लोकायुक्त टीम ने सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया—
अनिल कुमार साहू (माध्यमिक शिक्षक)
मनोज कुमार श्रीवास्तव (सहायक ग्रेड-2, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय)
नीरज कुमार सोनी (सहायक ग्रेड-3, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय)
घटनास्थल
यह कार्रवाई दमोह-जबलपुर मार्ग पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने की गई, जहां आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
कार्रवाई में शामिल टीम
ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक मंजू किरण तिर्की और निरीक्षक रंजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रधान आरक्षक सफीक खान, संतोष गोस्वामी, अजय क्षेत्रीय, प्रदीप दुबे, आदेश तिवारी, गोल्डी पासी, राघवेंद्र, विक्रम सिंह और नीलेश चौबे सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
आगे की कार्रवाई जारी
लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन
सागर संभाग में भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए लोकायुक्त हेल्पलाइन नंबर 8435794333 जारी किया गया है, जिस पर आम नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।



