मध्य प्रदेश

बरगी डैम हादसे पर नोहटा में युवा कांग्रेस का कैंडल मार्च, मृतकों को दी श्रद्धांजलि

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। नोहटा ग्राम में भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा बरगी डैम में हुई दुखद घटना को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
कार्यक्रम में यश घनघोरिया विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए राज्य के धर्मेंद्र सिंह लोधी पर गंभीर आरोप लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की। साथ ही पर्यटन विभाग के एमडी दिलीप कुमार यादव को भी हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष दृगपाल सिंह लोधी ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण कैंडल मार्च के बावजूद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे अनावश्यक दबाव का माहौल बना।
कैंडल मार्च की शुरुआत अवंति बाई लोधी की प्रतिमा स्थल से प्रस्तावित थी, लेकिन वहां पहले से बैरिकेडिंग कर दी गई थी। हालांकि बाद में कार्यकर्ताओं को माल्यार्पण की अनुमति दे दी गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा उठाए गए कुछ पोस्टर और तख्तियां भी पुलिस द्वारा जब्त किए जाने की बात सामने आई। इनमें मंत्री के इस्तीफे की मांग से जुड़े नारे लिखे थे।
युवा कांग्रेस ने इस अवसर पर मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, तथा संबंधित जिम्मेदारों को बर्खास्त कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।कार्यक्रम में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button