BJP विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने दिया इस्तीफा : थाने के सामने बैठे धरने पर
डॉक्टर पर FIR नही लिखने से नाराज
सागर । एमपी के सागर जिले के देवरी विधानसभा से बीजेपी के विधायक बृज बिहारी पटेरिया ने पुलिस प्रशासन की कार्य प्रणाली से नाराज होकर विधायक पद से इस्तीफा देने विधानसभा अध्यक्ष के नाम पत्र भेजा है। इसी के साथ विधायक अपने समर्थकों के साथ थाने के सामने धरने पर बैठे है। विधायक क्षेत्र में एक व्यक्ति की सांप के काटने से मौत होने को लेकर डाक्टर द्वारा 40 हजार की रिश्वत मांगने के मामले में केसली थाना पहुंचे है। जिसमे रिपोर्ट नही लिखे जाने से नाराजगी जताई और इस्तीफा भेज दिया। विधायक के इस कदम हड़कंप मचा है।
देवरी क्षेत्र के केसली थाना क्षेत्र के ग्राम मेडकी में सांप के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद मृतक के परिजन मृतक व्यक्ति को और काटने वाले सांप को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने रिपोर्ट में सांप के काटने से मौत लिखने के एवज में 40 हजार रुपया की मांग की । जिसके साक्ष्य होने के बाद भी केसली पुलिस थाने में डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई। जब यह जानकारी क्षेत्रीय विधायक बृजबिहारी पटेरिया को लगी तो वह एफआईआर दर्ज कराने के लिए केसली थाने पहुंचे। लेकिन पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई। जबकि डॉक्टर के खिलाफ सारे प्रमाण मौजूद हैं।
इससे व्यथित विधायक बृज बिहारी पटेरिया ने अपने लेटर पैड पर इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष के नाम लिख दिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया ।
केसली पुलिस थाने में धरने पर बैठ गए जहां विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने बताया कि सत्ता पक्ष के विधायक होने के बाद भी अगर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ प्रमाण होने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है तो इससे शर्मनाक बात क्या हो सकती है जब तक डॉक्टर दीपक दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती है। जब तक धरने पर बैठे रहेंगे उन्होंने बताया कि ऐसी जानकारी लग रही है कि शायद डॉक्टर की पत्नी भी पुलिस में है इसलिए पुलिस मामला दर्ज करने से बच रही है।




