रायसेन के दो युवकों के शव मिले सोहागपुर में

सोहागपुर । क्षेत्र के दो ग्रामीण रायसेन जिले में शुक्रवार को नाले में बह गए थे। दोनों के शव रविवार को मिले। इसकी सोहागपुर तहसीलदार अलका एक्का ने पुष्टि की है।
उन्हाेंने बताया कि शुक्रवार रात सोहागपुर क्षेत्र के रेवकसिंह अहिरवार, सोनू अहिरवार व राजू अहिरवार बाइक से गुरारी आ रहे थे। बामनवाड़ा के समीप दूधिया नाला पुलिया पर रेवकसिंह बाइक के पास खड़ा हो गया और सोनू अहिरवार निवासी गुरारी एवं राजू अहिरवार निवासी भटगांव पुलिया पर पानी में पैर धोने लगे। थोड़ी देर बाद अंधेरे में सोनू व राजू पुलिया पर नहीं दिखे। रेवक ने परिजनों को फोन पर बताया। सोहागपुर एसडीएम व तहसीलदार ने रायसेन प्रशासन को सूचना दी थी। रायसेन जिला प्रशासन ने तलाश प्रारंभ की। अलका एक्का ने बताया कि रविवार की सुबह सोनू अहिरवार का शव मोतलसिर व बामनवाड़ा के बीच नाले में मिला। वहीं दोपहर बाद राजू का शव भी नाले में मिल गया है। जिसकी जानकारी सोहागपुर के अधिकारियों को रायसेन जिले के अधिकारियों ने दी है।



