Uncategorized

भगवान महावीर के जयघोष से गूंजे कछार गांव बड़ा और सिलौंडी

जन्मकल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी जी का जन्मकल्याणक महोत्सव क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया । कछार गांव बड़ा और सिलौंडी में दिनभर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कछार गांव बड़ा में प्रातःकाल जैन मंदिर से भव्य जिन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु “अहिंसा परमो धर्मः” और “जियो और जीने दो” जैसे संदेशों के साथ पूरे गांव में भ्रमण करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात मंदिर में भगवान का विधि-विधान से अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन संपन्न हुआ।
वहीं सिलौंडी में सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर एवं श्री चंद्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर में अभिषेक, शांतिधारा, पूजन-अर्चन जैसे धार्मिक अनुष्ठान किए गए। साथ ही श्री तारण तरण जैन चैत्यालय में मंदिर विधि का विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ ।
सायंकालीन बेला में भक्तों द्वारा भक्ति भाव से भक्तामर स्तोत्र का पाठ किया गया तथा भगवान की आरती उतारी गई। पूरे आयोजन के दौरान जैन समाज के श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला और क्षेत्र में धर्ममय वातावरण बना रहा।

Related Articles

Back to top button