मुकेश कुमार को एक प्रयास’ म्यूजिकल ग्रुप ने दी संगीतमयी श्रद्धांजलि

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर के “एक प्रयास” म्यूजिकल ग्रुप द्वारा आयोजित संगीतमय संध्या में स्वर्गीय गायक मुकेश की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। यह कार्यक्रम एक अनोखी संगीतमय यात्रा में तब्दील हो गया, जहाँ मुकेश कुमार के अमर गीतों के माध्यम से उन्हें याद किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में मुकेश कुमार का सदाबहार गीत “चंदन सा बदन, चंचल चितवन” प्रस्तुत किया, जिसने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद, नीलेश मिश्रा ने अपनी सुरीली आवाज में “दीवानों से ये मत पूछो” गाना गाकर समां बांध दिया, और तालियों की गड़गड़ाहट से उनकी प्रस्तुति का स्वागत हुआ।
पवन दुबे ने “दुनिया से जाने वाले, जाने चले जाते हैं कहां” गाकर सभी को भावुक कर दिया। उनकी प्रस्तुति में वो गहराई थी जिसने श्रोताओं के दिलों को छू लिया। जितेन्द्र सिंह तोमर के द्वारा प्रस्तुत “चल अकेला, चल अकेला” ने कार्यक्रम में एक अलग ही ऊर्जा भर दी और श्रोता तालियों से उनका उत्साहवर्धन करते रहे।
कार्यक्रम में लक्ष्मण सिंह गुर्जर और सुनील सोनी ने भी अपनी आवाज में मुकेश कुमार के कालजयी गानों को प्रस्तुत किया, जिनकी सादगी और मिठास ने श्रोताओं के दिलों में मुकेश कुमार की यादें ताजा कर दीं।
कार्यक्रम का संचालन बड़े ही मनमोहक अंदाज में एम.एल. प्रजापति और पवन दुबे द्वारा किया गया, और आभार प्रकट करते हुए लक्ष्मणसिंह गुर्जर ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया।



