पोषण माह के तहत आंगनवाड़ी केंद्र में विशेष पोषण शिविर आयोजित

साईंखेड़ा। राष्ट्रीय पोषण मिशन के अंतर्गत चल रहे पोषण माह अभियान के तहत “मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी” थीम पर ग्राम साईंखेड़ा के बाजारपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विशेष पोषण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता विद्या रघुवंशी, अंकिता भार्गव, रामबाई साहू, भागवती अहिरवार, हीराबाई अहिरवार सहित केंद्र की सहायिकाएं अंजली राय, दुर्गा आदिवासी, जानकी अहिरवार, गिरजाबाई नामदेव एवं सीता कुशवाहा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाएं, गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं तथा 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे शामिल हुए।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों को संतुलित आहार, स्वच्छता, कुपोषण की रोकथाम तथा पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण माह के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक एवं संतुलित भोजन अत्यंत आवश्यक है।
शिविर के दौरान विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि 3 से 6 वर्ष के बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रदान किया जाने वाला भोजन गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, जिससे बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित करना रहा।



