चल समारोह के दौरान हुई फायरिंग, बन्दूक के छर्रा लगने से युवक घायल
ब्यूरो चीफ : मधुर राय
बरेली । रायसेन जिले के बरेली थाने के अंतर्गत पुलिस चौकी खरगोन के ग्राम खेरवाड़ा में अनंत चतुर्थी गणेश विसर्जन के जुलूस में अचानक उस समय अफ़रा तफ़री मच गई जब एक युवक ने एयरगन से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार मोहल्ले के प्रदोष द्विवेदी को जुलूस में पटाख़े फोड़ने से रोकने पर उसने गुस्से में अपनी छोटी एयरगन बंदूक से गोली चला दी।
एयरगन का छर्रा दूसरी मंज़िल की छत पर खड़े अनमोल साहू उम्र 19 साल की आँख के पास जा लगा, जिससे उसकी आँख से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल अनमोल को तुरंत सरकारी अस्पताल, बरेली पहुँचाया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
चश्मदीदों के अनुसार, प्रदोष द्विवेदी ने जानबूझकर एयरगन चलाई थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और मामले को दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने धारा 115, 2 एवं धारा 118, 1 के तहत मामला दर्ज किया गया। घायल हुए अनमोल साहू के परिजनों ने बताया कि गणेश विसर्जन चल समारोह निकल रहा था मेरे घर और दुकान के यहां पटाखे फोड़ रहे थे जहां छोटे-छोटे बच्चे खड़े हुए थे तब मैंने प्रदोष द्विवेदी से मना किया कि यहां पटाखे मत चलाओ तो प्रदोष द्विवेदी ने जानबूझकर मेरे बच्चे अनमोल पर बंदूक में छर्रा भरकर बंदूक चलाई जिससे हमारा बच्चा अनमोल की दाई आंख के ऊपर सिर पर छर्रा लग गया और खून बहने लगा जिसका इलाज सिविल हॉस्पिटल बरेली में जारी है।
वहीं पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चल समारोह के दौरान इयर गन से फायरिंग की गई थी जिसके चलते युवक बालकनी में खड़ा हुआ था छर्रा लगने से युवक को चोट आई है परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।



