क्राइम

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल

सिलवानी। सिलवानी थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय आदिवासी बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता समीपस्थ गांव में मजदूरी का कार्य करने जाती थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी महेन्द्र रघुवंशी पिता बृजमोहन रघुवंशी उम्र 50 वर्ष, निवासी रोसरारानी, ने बालिका के अकेले होने का फायदा उठाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके कारण पीड़िता लंबे समय तक भयवश चुप रही।
मामले का खुलासा तब हुआ जब परिजनों ने बालिका का पेट बढ़ा हुआ देखा। पूछताछ करने पर पीड़िता ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी माता-पिता को दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सिलवानी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने कई बार उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जिसके कारण वह लगभग छह माह की गर्भवती है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी महेन्द्र रघुवंशी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी संजीत परते ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button