3 किमी सड़क नही बनने से नागरिक परेशान, बच्चो की स्कूल जाने राह नही आसान
नूरजहागंज के नागरिकों ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
देवरी । रायसेन जिले के विकासखंड उदयपुरा की ग्राम पंचायत खिरेंटी में सम्मिलित नूरजहागंज के सैकड़ों महिला एवं पुरुषों ने तहसील देवरी पहुंच कर तहसीलदार दिनेश बरगले को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया है कि ग्राम नूरजहागंज तक जाने के लिए आलीबाड़ा बस स्टैंड से करीब 3 किलोमीटर कच्ची सड़क है जिस पर वर्तमान में बरसात हो जाने के कारण अधिक कीचड़ हो जाती है जिस पर आना जाना मुश्किल हो जाता है तथा ग्राम के बच्चे भी स्कूल नहीं जा पाते रास्ता इतना खराब है कि गर्भवती महिला या बीमार व्यक्ति अस्पताल तक पहुंचाना संभव नहीं हो पाता ऐसी स्थिति में किसी को अस्पताल पहुंचाना हो तो उसकी मृत्यु रास्ते में ही हो सकती है ग्राम के बच्चे प्रतिदिन आलीबाड़ा स्कूल जाते हैं लेकिन सड़क खराब होने के कारण बच्चे हफ्ते के हफ्ते स्कूल नहीं जा पाए जिससे बच्चों का भविष्य खराब हो सकता है।
ग्राम नूरजहांगंज में करीब 50 मकान हैं तथा ग्राम की जनसंख्या लगभग पांच सौ के ऊपर है तथा ग्राम नूरजहांगंज खिरेंटी पंचायत में आता है जो 3 किलोमीटर की दूरी पर बसा है लेकिन पंचायत खिरेंटी से नूरजहांगंज तक पक्की सड़क ना होने से ग्राम नूरजहांगंज के नागरिकों एवं छात्र छात्राओं को बड़ी ही परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि हम ग्रामवासी चाहते है कि उक्त समस्या को देखते हुए रास्ते को तत्काल दुरुस्त किया जाए एवं भविष्य में सीसी रोड का निर्माण किया जाए।
ज्ञापन सौंपते समय उत्तम पटैल, पवन लोधी, हेमंत लोधी, रामकुमार, मुकेश, मल्लू लोधी, हेमराज लोधी, चेतराम लोधी, लखन, तेजराम, सुरेश, कन्हैयालाल, गोविंद, सुमनबाई, बतीबाई, राधाबाई, मुन्नीबाई, हल्कीबाई, ज्योति, रामबती, पार्वतीबाई, भागवती बाई, छुट्टू, राजू आदि मौजूद रहे।



