दुर्गा वाहिनी द्वारा भव्य शक्ति संचलन का आयोजन

सिलवानी । विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी, प्रखंड सिलवानी द्वारा भव्य शक्ति संचलन का आयोजन बुधवार को किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दुर्गा वाहिनी की बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। खंड एवं ग्रामीण क्षेत्रों से भी बहनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नारी शक्ति, अनुशासन एवं संगठन के प्रति अपना समर्पण प्रदर्शित किया।
शक्ति संचलन सिलवानी नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए कम्युनिटी हॉल, सिलवानी पहुँचा, जहाँ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दुर्गा वाहिनी, मध्य भारत प्रांत की प्रांत सह-संयोजिका दीदी मोनिका धाकड़ का बौद्धिक प्राप्त हुआ। साथ ही दुर्गा वाहिनी की विभाग संयोजिका दीदी महिमा दुबे का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
दोनों वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में नारी शक्ति, राष्ट्रभक्ति, धर्म एवं संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बहनों को जागरूक, आत्मविश्वासी एवं संगठित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संस्कारित एवं सशक्त नारी ही एक सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में सिलवानी नगर परिषद अध्यक्ष रेशु जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही दुर्गा वाहिनी प्रखंड सिलवानी की पूर्ण कार्यकारिणी भी उपस्थित रही।
खंड एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आई बहनों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने शक्ति संचलन को भव्यता प्रदान की। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन, एकता एवं संगठन के प्रति समर्पण देखने को मिला।
यह भव्य शक्ति संचलन नारी शक्ति के जागरण, आत्मविश्वास, धर्म-संस्कृति के संरक्षण तथा संगठनात्मक एकता का प्रतीक बना।



