सड़क निर्माण एजेंसी की मनमानी पर नागरिकों ने आवाज की मुखर
फोरलेन सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा किया जा रहा घटिया निर्माण से नाराज होकर सौंपा ज्ञापन
सिलवानी। बुधवार को फोरलेन सड़क निर्माण कर रही निर्माण एजेंसी की मनमानी को लेकर नगर के नागरिकों के द्वारा लगातार नाराजगी जताई जा रही है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारी निर्माण एजेंसी की मनमानी पर अंकुश लगाने में ढुलमुल रवैया अपना रहे है। निर्माण एजेंसी के द्वारा निर्माण के तय मापदंड का उपयोग न किया जाकर घटिया निर्माण कार्य किया जाना बताया जा रहा है। जिसके चलते निर्माण कार्य गुणवत्ता की कसौटी पर खरा नहीं उतर पा रहा है। नगर के नागरिकों ने तहसीलदार रामजीलाल वर्मा को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर निर्माण एजेंसी की कारगुजारियों को उजागर करते हुए निर्माण एजेंसी द्वारा अभी तक किए गए कार्यों की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही एवं गुणवत्तायुक्त कार्य कराने की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नगर के वार्ड क्रमांक एक आमापानी से बजरंग चौराहा तक दो किमी फोरलेन सड़क का लगभग 13 करोड़ की लागत से किया जा रहा है जिसमें निर्माण एजेंसी द्वारा काफी अनियमितताएं बरतने के साथ घटिया निर्माण किया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर बनाई जा रही आरसीसी नालियां बनने के साथ ही क्षतिग्रस्त होने लगी है। निर्माण में रेत की गिट्टी की डस्ट एवं निम्न क्वालिटी की सीमेंट उपयोग की गई है। वहीं आरसीसी सड़क निर्माण के दौरान बेस निर्माण मिट्टी पर ही कर दिया गया, कई जगह पर बडे़-बडे़ पत्थर, ईंट के टुकड़े हटाए बगैर ही जल्दबाजी में क्वालिटी को नजर अंदाज किया जा रहा है। डामरीकरण सड़क निर्माण में भी बेस निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है। चार साल पूर्व कार्य प्रारंभ हुआ था जो अभी तक पूर्ण नहीं हुआ, प्रारंभ से ही काम अत्यंत धीमी गति से चल रहा था अब अचानक कार्य गति बढ़ा दी गई। पूर्व में कई बार नागरिकों ने एमपीआरडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रशासन के अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई है। कार्य स्थल पर एमपीआरडीसी के जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी की अनुपस्थिति में निर्माण एजेंसी द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य किया जा रहा है। नागरिकों ने ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से मांग की है कि निर्माण एजेंसी द्वारा अभी तक किए गए कार्यों की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की जाए। इस दौरान प्रियांश राजपूत, दीपक ठाकुर, दीपक सोनी, रवि गुप्ता, दिनेश, रूपेश साहू, राजेन्द्र कुमार, गोलू आदि मौजूद रहे।




