मध्य प्रदेश

दीपावली की तैयारियां शुरू, सफाई-पुताई में जुटे लोग

सिलवानी। जैसे-जैसे दीपावली का त्योहार नजदीक आ रहा है। घरों व दुकानों की सफाई व पुताई का दौर भी चल रहा है। लोग त्योहार से पहले की तैयारियों में व्यस्त नजर आ रहे हैं। नगर हो या गांव सभी जगह दीपावली की तैयारी हो रही है। दीपावली के त्यौहार के लिए लोगों ने अपने घरों व आसपास की सफाई शुरू कर दी है। लोग अपने घरों व अपने प्रतिष्ठानों पर रंग रोगन कराने के साथ ही उन्हें सजाने में लगे हुए है। इस दिन को खास तरीके से मनाने के लिए लोग किसी भी तरह की कमी नहीं रहने देना चाहते हैं। दीपावली का त्यौहार धनतेरस से ही शुरु हो जाएगा और इससे पहले लोग सारा काम खत्म कर लेना चाहते हैं। बाजारों में दुकानों पर दिन में ग्राहकों की भीड़ होने के कारण रात के समय दुकानों की सफाई व पुताई की जा रही है। ग्राहकों के लिए भी बाजार में तैयारियां जोरों पर हैं। नया सामान दुकानों पर पहुंच गया है और ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक ढंग से दुकानों पर सजाया गया है। विभिन्न कंपनियों द्वारा दिए जाने वाले आफर्स व उपहारों के संबंध में भी प्रचार किया जा रहा है। बाजारों में दिन भर चहल-पहल नजर आ रही है।

Related Articles

Back to top button