मध्य प्रदेश

विकासखंड स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित, स्व-सहायता समूहों ने दिखाई अपनी की प्रतिभा

सिलवानी। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत गुरुवार को जनपद पंचायत सिलवानी परिसर में विकासखंड स्तरीय कुकिंग कम हेल्पर कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले 30 स्व-सहायता समूहों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं भोजन की गुणवत्ता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का अवलोकन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) अलका सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नीलम रायकवार, विकासखंड स्रोत समन्वयक महजबी सिद्दीकी तथा महिला एवं बाल विकास अधिकारी आबिदा बी सहित अन्य अधिकारियों ने किया। अधिकारियों ने समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों एवं भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण कर उनकी सराहना की।
प्रतियोगिता में जनपद शिक्षा केंद्र सिलवानी के समस्त बीएसी, सीएसी एवं संबंधित शिक्षकों की उपस्थिति रही। निर्णायक मंडल द्वारा भोजन की गुणवत्ता, पोषण स्तर, स्वच्छता एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार शांति स्व-सहायता समूह, गांधीनगर पड़ान, प्राथमिक शाला सिलवानी को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार नर्मदा स्व-सहायता समूह, पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलवानी को तथा तृतीय पुरस्कार नर्मदा स्वच्छता समूह, प्राथमिक शाला बालक सिलवानी को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागी समूहों को उनके उत्कृष्ट योगदान एवं सहभागिता के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता में सुधार तथा बच्चों को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Related Articles

Back to top button