ऑपरेशन ‘मुस्कान’ में पुलिस की बड़ी सफलता, पुणे से अपहृत बालिका सकुशल बरामद

सैकड़ों किलोमीटर दूर से खोजकर लाए पुलिसकर्मी, परिजनों ने जताया आभार
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत उमरियापान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपहृत नाबालिग बालिका को महाराष्ट्र के पुणे शहर से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” संचालित किया जा रहा है । इसी अभियान के अंतर्गत अपराध क्रमांक 100/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में उमरियापान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका का पता लगाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी । टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुणे में दबिश दी और बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया । अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया ।
इस पूरी कार्रवाई में कार्यवाहक उपनिरीक्षक गया प्रसाद मंगोरे, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, आरक्षक सतेंद्र चौरसिया एवं शुभम गौतम (साइबर सेल कटनी) की विशेष भूमिका रही।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत उमरियापान पुलिस की यह सफलता न केवल उनकी सक्रियता का प्रमाण है, बल्कि गुमशुदा बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल भी है।



