9 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, इस बार हाइड्रोलिक रथ पर सवार होंगे भगवान

श्रद्धालुओं को बांटा जाएगा महाप्रसाद
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । टीकमगढ़ में 9 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाएगी। सोमवार को इस्कॉन मंदिर उज्जैन से आए टेंपल कमांडर अनिरुद्ध दास ने इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि यात्रा में इस बार भोपाल से हाइड्रोलिक रथ आएगा। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शहर के ब्राह्मण कॉलोनी स्थित जागेश्वर धाम मंदिर से शुरू होगी।
इस्कॉन मंदिर शिलांग मेघालय से आए महामुनि दास ने बताया कि 7 जुलाई से भारत के साथ विश्व भर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्राएं निकाले जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 9 जुलाई को शहर में रथ यात्रा निकाली जाएगी। अनिरुद्ध दास ने बताया कि ब्राह्मण कॉलोनी स्थित जागेश्वर धाम मंदिर से दोपहर 3 बजे भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू होगी।
इसके बाद अस्पताल चौराहा, सिविल लाइन रोड, मिश्रा तिराहा, लोकमान्य चौराहा, नजाई बाजार, कटरा बाजार, पुराना डाकखाना, नगर भवन, पुरानी तहसील रोड, सुभाष चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा और गांधी चौराहा होते हुए नजर बाग स्थित श्रीराम राजा मंदिर में यात्रा का समापन होगा।
यात्रा के समापन पर भगवान जगन्नाथ को छप्पन भोग का प्रसाद लगाकर महा आरती उतारी जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं को महाप्रसाद बांटा जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकमगढ़ में लगातार दूसरी बार रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
नजरबाग मंदिर में हुई बैठक
आयोजन समिति के मनोज बाबू चौबे ने बताया कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर 2 जुलाई को नजरबाग स्थित श्रीराम राजा मंदिर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शहर की विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मंदिर समितियों से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया गया है।



