प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में महत्त्वपूर्ण कार्यों पर चर्चा

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । राजस्व एवं पुलिस प्रशासन सहित नगर पालिका जनपद के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक थाना परिसर में एसडीएम सौरभ मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका सीएमओ कृष्णकांत शर्मा को निर्देशित किया गया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार खुले में मांस मछली का विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाकर सभी मांस मछली विक्रेताओं को एक जगह सुनिश्चित किए जाने का प्रस्ताव पारित कर तत्काल अमल शुरू किया जाए। वही चल समारोह मार्गों पर अतिक्रमण हटाया जाकर रास्ता सुगम किया जाए और चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के लिए निर्देशित किया गया है।
जनपद सीईओ आशीष जोशी को निर्देशित किया गया कि वह प्रस्ताव पारित करें कि पंचायत के प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं जहां लोगों का ज्यादा आवागमन होता है। ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और कानून व्यवस्था को बनाए रखने में आसानी हो सके।
साथ ही थाना परिसर के पिछले हिस्से में किया जा रहे अतिक्रमण को लेकर भी विचार विमर्श किया गया। शहर में कुछ चिन्हित सड़कों पर बार-बार जाम लगने के कारणों पर विचार करते हुए पाया गया कि वहां लोग अपने वाहन खड़े कर देते हैं ऐसे स्थान पर सूचना बोर्ड लगाए जाकर वाहन खड़े करने पर रोक लगाई जाए ताकि आवागमन सुगम हो सके। बस स्टैंड पर पुलिस चौकी के आसपास के अतिक्रमण को हटाने और वाहन खड़ा करने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर को दिए गए।
बैठक में एसडीएम सौरभ मिश्रा, एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव, तहसीलदार एसआर देशमुख, टीआई संतोष सिंह ठाकुर, सीएमओ कृष्णकांत शर्मा, सीईओ आशीष जोशी, एसआई केशव शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।



