जिला स्तरीय संस्कृति महोत्सव संपन्न, 16 विधाओं में भैया-बहनों ने बिखेरा हुनर

रिपोर्टर : विनोद कुमार साहू
बरेली, रायसेन। सरस्वती विद्या मंदिर, बरेली में रविवार को जिला स्तरीय संस्कृति महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं मंत्रोच्चार के साथ किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रविराज दांगी, प्राचार्य सियरमऊ एवं वीरेंद्र प्रताप यादव, प्राचार्य प्रतापगढ़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता माँ नर्मदा शिक्षण समिति के अध्यक्ष मनोज शांडिल्य ने की। मंच पर संस्था सचिव वीरेंद्र मालवीय, सचिव विकास राय सर एवं विद्यालय के प्राचार्य जयप्रकाश तिवारी मंचासीन रहे।
महोत्सव में रायसेन जिले के 8 विद्यालयों – सिलवानी, विवेकानंद पुरम बेगमगंज, हनुमान बाग बेगमगंज, प्रतापगढ़, सियरमऊ, रामलीला मैदान एवं आवासीय छात्रावास सहित बरेली विद्यालय के कुल 225 भैया-बहनों ने सहभागिता की।
संस्कृति महोत्सव के अंतर्गत 16 विधाओं – एकल अभिनय, शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय गायन, तबला वादन, प्रश्न मंच, मूर्ति कला, चित्रकला, रंगोली, गीता पाठ, प्रथमाक्षरी, एकल भजन, वंदे मातरम् गायन, आचार्य पत्रवाचन, कथा कथन एवं तात्कालिक भाषण आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें भैया-बहनों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इन प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका भाग्यश्री, पूनम रैकवार, संगीतकार गौरी शंकर, सलोनी आचार्य, निशा ठाकुर, नारायण धाकड़, महेश पस्टारिया, शिवाकांत धाकड़, भवानी शंकर तिवारी एवं ललित कुमार गुप्ता सहित अन्य विद्वजनों ने निभाई।
समापन अवसर पर माँ नर्मदा शिक्षण समिति के अध्यक्ष मनोज शांडिल्य एवं सचिव हीरेंद्र मालवीय द्वारा सभी विधाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता भैया-बहनों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक रविराज दांगी रहे, जबकि कार्यक्रम प्रबंधक विद्यालय के प्राचार्य जयप्रकाश तिवारी एवं बौद्धिक प्रमुख किरण कुशवाहा रहीं। इस अवसर पर समस्त आचार्य परिवार एवं बड़ी संख्या में भैया-बहन उपस्थित रहे।


