मध्य प्रदेश

MP Board में केंद्राध्यक्ष की मनमानी : 12वीं की छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़,

10 मिनट देर पहुंचने पर नहीं दिया परीक्षा केंद्र में प्रवेश, क्रूर रवैया से निकल रहे आंसू
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
सागर । गुरुवार से मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। बोर्ड परीक्षाओं का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक रखा गया है। आज पहला पेपर हिंदी का था।
सागर जिले के परसोरिया हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र में दो छात्राओं को परीक्षा केन्द्राध्यक्ष ने नियमों का हवाला देकर परीक्षा में प्रवेश देने से वचिंत कर दिया। छात्राओं का कसूर सिर्फ इतना है कि वो परीक्षा केन्द्र 10 मिनट लेट पहुंचीं थीं। इस कारण केंद्राध्यक्ष ने उन्हें परीक्षा हाल में प्रवेश नहीं दिया। वहीं इस घटनाक्रम के बाद से छात्राओं का रो-रो कर बुरा हाल है।
छात्राओं ने बताया कि वो रहली विधानसभा क्षेत्र के आपचदं गांव की रहने वाली हैं। गांव से परीक्षा केंद्र पन्द्रह किलोमीटर दूर है। वाहन ना मिलने के कारण दस मिनट लेट हो गई। इस कारण केंद्राध्यक्ष ने उन्हें परीक्षा कक्ष के अंदर घुसने से रोक दिया। और वो परीक्षा देने से वंचित रह गईं।
वहीं ग्रामीणों के विरोध करने पर कलेक्टर दीपक आर्य ने इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के लिए 3 सदस्यीय कमेटी गठित की है। जिसमें डिप्टी कलेक्टर शशि मिश्रा, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग मनीष वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी अखिलेश पाठक को शामिल किया गया है। टीम शाम 7 बजे तक रिपोर्ट देगी, इसके बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button