मध्य प्रदेश

लगातार बारिश से सब्जियों के दाम 20 से 30 रुपए प्रति किलो तक बढ़े

दोगुना तक भाव बढ़ने से गरीबों की थाली से गायब हुई सब्जी
सिलवानी। विकासखंड में हो रही लगातार बारिश के कारण जहां एक ओर कई किसानों की फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं। वहीं दूसरी ओर सब्जियों की बाड़ियों पर असर पड़ा है। इसका असर दैनिक उपयोग में आने वाली सब्जियों पर हुआ है। बारिश के कारण सब्जियों के दाम 20 से 30 रुपए प्रति किलो तक बढ़ चुके हैं। इससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय के परिवारों की थाली से हरी सब्जियां गायब हो रही हैं। उनका हरी सब्जियां खरीदना मुश्किल हो रहा है। आम लोग भी अब हरी सब्जियां खरीदने से परहेज करने लगे है। पहले नींबू के भाव तेजी से बढ़े। इसके बाद टमाटर के भाव के आसमान छूने लगे।
कम हो रही आवक
सब्जी व्यापारी संतोष कुषवाहा ने बताया कि बारिश के कारण मंडी में सब्जी की आवक कम हो रही है। फलों के भाव भी बढ़ रहे है। कुछ दिन पहले आम 60 से 80 रुपए प्रति किलो बिक रहे थे। जो अब 100 से 120 रुपए प्रति किलो मिल रहे हैं। 10 से 15 रुपए प्रति किलो बिकने वाली ककड़ी 30 रुपए प्रति किलो के भाव से मिल रही है। भिंडी के भाव 30 रुपए से बढ़कर दोगुना हो गए। इसी प्रकार लौकी, गिलकी, हरी मिर्च आदि के भाव भी बढ़ गए है। गृहणियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर एवं सब्जियों के भाव से रसोई का बजट गड़बड़ाने लगा है।
सब्जी भाव पहले अब
हरी मिर्च 40 60
भिंडी 30 40
आलू 20 25
बैंगन 20 40
लौकी 20 40
गिलकी 40 60
ककड़ी 10 30 रुपए प्रति किलो

Related Articles

Back to top button