कृषिमध्य प्रदेशराजनीति

बेगमगंज में किसानों का जंगी प्रदर्शन, 200 ट्रैक्टरों के साथ सड़कों पर उतरे सैकड़ों अन्नदाता

बर्बाद फसलों के मुआवजे और फसल बीमा की मांग को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ भरी हुंकार
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । किसानों की बर्बाद फसलों, फसल बीमा और अन्य समस्याओं को लेकर सोमवार को बेगमगंज में कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोल दिया। विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेन्द्र पटेल के नेतृत्व में करीब 200 ट्रैक्टरों के साथ सैकड़ों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। विशाल ट्रैक्टर रैली सागर रोड स्थित लोहामील तिगड्डे से शुरू होकर मुख्य मार्ग, बस स्टैंड होते हुए दशहरा मैदान पहुंची, जहां बड़ी आमसभा का आयोजन किया गया।
रैली के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। किसानों का कहना था कि खराब मौसम और प्राकृतिक आपदा के कारण सोयाबीन, मक्का, धान सहित खरीफ की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन प्रभावित किसानों को अब तक पर्याप्त राहत नहीं मिल सकी है। कई किसानों को पिछले वर्ष की खराब फसल का बीमा तक नहीं मिला है।
आमसभा के बाद कांग्रेस नेताओं एवं किसानों ने महामहिम राज्यपाल के नाम एसडीएम प्रियंका भलावी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रभावित गांवों में फसलों का निष्पक्ष सर्वे कराकर तत्काल पर्याप्त मुआवजा देने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने, वर्ष 2025 की खराब खरीफ फसलों का लंबित बीमा भुगतान कराने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सेटेलाइट सर्वे की व्यवस्था बंद कर पूर्व की तरह पारदर्शी एवं जमीनी सर्वे कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
किसानों ने आगामी रबी सीजन की तैयारी को देखते हुए खाद, बीज और पर्याप्त बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की। इसके साथ ही कृषि ऋण और बिजली बिल सहित किसानों पर बकाया विभिन्न वसूली को समाप्त करने की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।
*सभा में सरकार पर जमकर बरसे कांग्रेस नेता*
दशहरा मैदान में हुई आमसभा में पूर्व विधायक एवं जिला प्रभारी शैलेन्द्र पटेल, मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, विधायक देवेन्द्र पटेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री राजेंद्र सिंह तोमर सहित कई कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर तीखे हमले किए।
वक्ताओं ने क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बेगमगंज क्षेत्र के विकास और किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग तक उठा दी। नेताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से बर्बाद फसलों का किसानों को भरपूर मुआवजा नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस आईटी सेल अध्यक्ष आशीष यादव, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ शर्मा, अभिषेक जैन, पार्षद राजेश यादव, कन्छेदी लाल शर्मा, प्यारे आकाश, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत सिंह रघुवंशी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, राजा धर्मवीर शाह ने भी सरकार पर तीखे  हमले बोले।
कार्यक्रम का संचालन पवन दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष जाहर सिंह लोधी ने किया।

Related Articles

Back to top button