ऊमरखोह स्कूल में विद्युत ट्रांसफार्मर बना विद्यार्थियों के लिए जान का खतरा

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । निकटवर्ती ग्राम ऊमरखोह की शासकीय माध्यमिक शाला प्रांगण में बिजली के पोल लगाए गए हैं और स्कूल के शौचालय के पास विद्युत वितरण विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया था जोकि स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए जानलेवा सिद्ध हो रहा है।
उपरोक्त ट्रांसफार्मर से कई ग्रामीणजनों द्वारा अवैधरूप से तार डालकर अपनी -अपनी बिजली लाइन लेकर घरेलू कनेक्शन एवं अपने खेतों में सिंचाई के लिए भी उपयोग कर रहे हैं। कभी-कभी ग्रामीणजनों की खींचातानी के चलते तार टूट कर गिर जाते हैं। जिसके कारण स्कूल प्रांगण में स्थापित शौचालय में पेशाब करने जाने वाले विद्यार्थियों को जान का खतरा बना रहता है।
वह तो शिक्षकों की सजगता के चलते जब कभी वो बिजली का तार टूटा हुआ देखते हैं तो तत्काल बिजली विभाग के कर्मचारियों को फोन लगाकर सूचित करते हैं और उन्हें बुलवाकर लाइन जुड़वाते हैं लेकिन फिर भी प्रांगण में होने से करंट फैलने के खतरे को देखते हुए गांव के अभिभावकों द्वारा पिछले एक वर्ष पहले शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष भोगचन्द्र एवं प्रधानाध्यापक द्वारा बिजली विभाग के अधिकारियों को आवेदन देकर बिजली पोल एवं ट्रांसफार्मर स्कूल से दूर शिफ्ट करने की गुहार लगाई थी और आज तक लगातार बिजली विभाग को आवेदन देते हुए स्कूल परिसर से विद्युत खंबे एवं डीपी हटवाने का अनुरोध किया जा रहा है लेकिन विद्युत अधिकारियों की नींद नहीं टूट रही है, संभवत वह किसी अनहोनी के प्रतीक्षा में बैठे हुए हैं।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इन दोनों सर्दी होने के कारण स्कूल के 99 विद्यार्थी प्रांगण में ही धूप में बैठते हैं और लंच होने पर परिसर में ही खेलकूद गतिविधियां करते हैं यदि शीघ्र ही स्कूल प्रांगण से विद्युतपोल एवं ट्रांसफार्मर शिफ्ट नहीं किया गया तो किसी दिन अनहोनी हो सकती है।



