कृषिमध्य प्रदेश

स्टेट हाईवे 44 पर किसानों का चक्काजाम, अधिकारियों की समझाइश के बाद खुला रास्ता

डुंगरिया मूंग उपार्जन केंद्र की अव्यवस्थाओं से नाराज़ किसानों ने जताया विरोध, वाहनों की लगी लंबी कतारें
सिलवानी। नगर से करीब चार किलोमीटर दूर ग्राम चीचोली के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब नाराज किसानों ने स्टेट हाईवे 44 पर चक्काजाम कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन डुंगरिया स्थित पटेल वेयरहाउस में बने मूंग उपार्जन केंद्र की अव्यवस्थाओं के खिलाफ किया गया, जहां हजारों की संख्या में किसान अपनी उपज लेकर पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, डुंगरिया गांव के पटेल वेयरहाउस को इस बार मूंग उपार्जन केंद्र घोषित किया गया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर मूंग की फसल लेकर केंद्र पहुंचे। लेकिन जगह की कमी, वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और कर्मचारियों की कमी के चलते वेयरहाउस परिसर में भारी अव्यवस्था फैल गई।
कई किसानों को घंटों तक बाहर इंतज़ार करना पड़ा, जिससे उनमें आक्रोश फैल गया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख किसानों ने दोपहर में स्टेट हाईवे 44 पर चक्काजाम कर दिया।
सड़क पर किसानों के बैठ जाने के कारण सिलवानी-उदयपुरा मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। तेज धूप और गर्मी में फंसे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। और एसडीएम पी.सी. शाक्य, एसडीओपी अनिल मौर्य, थाना प्रभारी पूनम सविता और तहसीलदार सुधीर शुक्ला मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
प्रशासन ने किसानों को भरोसा दिलाया कि मूंग तुलवाई की प्रक्रिया को सुचारु रूप से चलाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। पर्याप्त स्टाफ और जगह की व्यवस्था जल्द ही की जाएगी। अधिकारियों की समझाइश और संवाद के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया। किसानों के हटने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ और राहगीरों ने राहत की सांस ली।
एसडीएम पी.सी. शाक्य ने बताया पटेल वेयरहाउस को इस वर्ष मूंग उपार्जन केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार को किसानों की अधिक संख्या और जगह की कमी के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई थी। मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया और व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button