मध्य प्रदेश

सिलौड़ी बसेहरा घनहन मार्ग की जर्जर हालत से किसान परेशान, बारिश में बढ़ेगी मुश्किलें

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । सिलौंडी से बसेहरा घनहन जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है । सिलौंडी सहकारी समिति से शुरू होकर बसेहरा तक लगभग दो किलोमीटर लंबा यह मार्ग पूरी तरह उखड़ चुका है, जिससे क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । बारिश का मौसम शुरू होने के साथ ही किसानों की चिंता और बढ़ गई है ।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग करीब 200 किसानों के खेतों तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है । सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बरसात में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है । खेतों तक कृषि उपकरण, बीज, खाद और उपज का परिवहन प्रभावित होने की आशंका है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है ।
ग्रामीण नीरज राय, रामलाल काछी और रविंद्र काछी ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार शासन-प्रशासन से शिकायत की गई है । इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है ।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है । किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए सिलौंडी–बसेहरा घनहन मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और किसानों को राहत मिल सके ।

Related Articles

Back to top button